नीमच। 'शिक्षा, संस्कार, समाज, संस्कृति और समृद्धि' के ध्येय वाक्य के साथ प्रयासरत उभरता राठौर समाज मिशन द्वारा इस वर्ष अपना 10वां राज्यस्तरीय प्रतिभा सम्मान समारोह नीमच जिले में आयोजित किया जा रहा है। "एक दशक प्रतिभा के नाम" थीम पर आधारित यह भव्य कार्यक्रम आगामी 20 सितंबर 2026 (रविवार) को टाउन हॉल, दशहरा मैदान में जिला राठौर समाज नीमच के बैनर तले संपन्न होगा।
मिशन की जिला टीम के सेवाधर्मी गुलाब राठौर (महागढ़) ने जानकारी देते हुए बताया कि उभरता राठौर समाज मिशन द्वारा प्रतिवर्ष मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों में राज्यस्तरीय कार्यक्रम आयोजित कर समाज की प्रतिभाओं को एक नया मंच और नई उड़ान दी जाती है। इस 10वें गौरवशाली वर्ष के अवसर पर आयोजित हो रहे इस समारोह का मुख्य उद्देश्य समाज के कक्षा 10वीं और 12वीं के होनहार विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करना है।
समारोह के मुख्य आकर्षण एवं मिलने वाले सम्मान:
250 से अधिक विद्यार्थियों का सम्मान: प्रदेशभर के कक्षा 10वीं और 12वीं के स्टेट मेरिट, जिला मेरिट और 90% से अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं का अभिनंदन किया जाएगा।
आकर्षक नगद पुरस्कार एवं उपहार: समाज के सहयोग से चयनित विद्यार्थियों को प्रोत्साहन स्वरूप लाखों रुपये की नगद राशि, चांदी का मेडल, 32 इंच की एलईडी (LED) टीवी, शील्ड, घड़ी, डॉक्यूमेंट बैग, प्रमाण पत्र और कई अन्य आकर्षक उपहार भेंट किए जाएंगे।
आयोजन समिति ने संपूर्ण मध्य प्रदेश के राठौर समाज के स्वजनों और प्रबुद्ध जनों से इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर प्रतिभावान बच्चों का उत्साह बढ़ाने की अपील की है।