महागढ़। स्थानीय सनराईज कोचिंग संस्थान महागढ़ में शिक्षक दिवस के अवसर पर एक भव्य एवं गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कक्षा 8वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों ने बड़े हर्षोल्लास और उत्साह के साथ अपने गुरुजनों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यार्थियों द्वारा शिक्षकों के स्वागत एवं अभिनंदन के साथ हुआ। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से गुरु-शिष्य की पावन परंपरा को रेखांकित किया। विद्यार्थियों ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षक हमारे जीवन में सच्चे मार्गदर्शक होते हैं, जो केवल किताबी ज्ञान ही नहीं देते बल्कि समाज में एक सही दिशा और संस्कार भी प्रदान करते हैं।
संस्थान के संचालक सूर्यप्रताप सिंह चंद्रावत एवं विकास राठौर ने दीप प्रज्वलन कर विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जीवन पर प्रकाश डालते हुए शिक्षक दिवस के महत्व को समझाया। संचालकों ने कहा, "शिक्षक केवल विषय का ज्ञान देने वाले नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण और उनके उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखने वाले शिल्पी होते हैं।" उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं को कठिन परिश्रम, कड़े अनुशासन और उच्च संस्कारों के साथ जीवन में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में कक्षा 8वीं से 12वीं तक के सभी छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने एक-दूसरे को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं। अंत में मिष्ठान वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन अत्यंत उत्साहपूर्ण एवं आनंदमयी वातावरण में हुआ।