नशे से दूरी है जरूरी अभियान 2.0 के तहत मनासा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, जब्त संपत्ति की कीमत करीब 22.11 लाख रुपए
(एम पी ग्रामीण न्यूज़)
मनासा
नशे के खिलाफ चलाए जा रहे, नशे से दूरी है जरूरी अभियान 2.0 के तहत नीमच पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 705 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद किया है। पुलिस ने मौके से एक देशी पिस्टल, जिंदा कारतूस, तस्करी में इस्तेमाल बोलेरो पिकअप और पायलटिंग कर रही मोटरसाइकिल भी जब्त की है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 22 लाख 11 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस अधीक्षक नीमच राजेश व्यास के नेतृत्व में जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना प्रभारी मनासा निलेश अवस्थी के नेतृत्व में चौकी कंजार्डा पुलिस को अवैध मादक पदार्थों के परिवहन की विश्वसनीय सूचना मिली थी, सूचना के आधार पर पुलिस ने संभावित मार्गों पर घेराबंदी कर सघन वाहन चेकिंग शुरू की। इसी दौरान एक संदिग्ध बोलेरो पिकअप को रोककर तलाशी ली गई। पुलिस को वाहन से 705 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा मिला। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से एक देशी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया।
पायलटिंग कर रही मोटरसाइकिल भी पकड़ी -
पूछताछ और प्रारंभिक जांच में सामने आया कि तस्करी के दौरान मुख्य वाहन की निगरानी और पुलिस की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए एक मोटरसाइकिल से पायलटिंग की जा रही थी। पुलिस ने इस मोटरसाइकिल को भी मौके से जब्त कर लिया।वही पुलिस ने मामले में शीतल पिता प्रहलाद धाकड़, निवासी कंवरपुरा मोहन नगर, थाना जावदा, जिला चित्तौड़गढ़ राजस्थान को आरोपी बनाया है। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि डोडाचूरा कहां से लाया गया था और इसे किन स्थानों पर सप्लाई किया जाना था। साथ ही तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना के दौरान तस्करी से जुड़े अन्य आरोपियों और गिरोह के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी सामने आने की संभावना है, इस कार्रवाई में चौकी कंजार्डा और थाना मनासा की संयुक्त पुलिस टीम ने सतर्कता, सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई का परिचय दिया।