मनासा।। मनासा विधानसभाग क्षेत्र की होनहार बेटी आराध्या पिता महेंद्र सोनी ने अपने अदम्य साहस, कठिन साधना और निरंतर अभ्यास से India Book of Records में अपना नाम दर्ज कर मनासा सहित पूरे मध्यप्रदेश का मान बढ़ाया है।आराध्या ने आँखों पर पट्टी बाँधकर श्रीमद्भगवद्गीता के अध्याय 12, 15 एवं 16 के कुल 64 श्लोक मात्र 13 मिनट 28 सेकंड में सुचारु रूप से पाठ कर राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया। इस उपलब्धि को India Book of Records द्वारा आधिकारिक रूप से प्रमाणित किया गया है।विशेष बात यह है कि आराध्या 80 प्रतिशत स्पाइनल मस्कुलर एट्रोफी से प्रभावित हैं, इसके बावजूद अपनी मजबूत इच्छाशक्ति, गीता के प्रति गहरी भक्ति और पारिवारिक संस्कारों के बल पर उन्होंने यह सिद्ध कर दिया कि प्रतिभा, लगन और विश्वास के आगे कोई शारीरिक सीमा बाधा नहीं बन सकती।मनासा तहसील सहित पूरे क्षेत्र में इस उपलब्धि पर हर्ष का माहौल है। नगरवासियों, सामाजिक संगठनों और धर्मप्रेमियों ने आराध्या को “मनासा की बेटी, प्रदेश का गौरव” बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
स्थानीय लोग मानते हैं कि आराध्या ने न केवल मनासा का नाम रोशन किया है, बल्कि दिव्यांगजनों के लिए भी प्रेरणा का एक नया अध्याय लिख दिया है।