संगठन सृजन से नए जिलाध्यक्ष के चयन पर होगी चर्चा
नीमच। प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष रीना बोरासी सेंतिया आगामी 22 फरवरी, रविवार को नीमच प्रवास पर रहेंगी। जिला कांग्रेस अध्यक्ष आशा सांभर ने इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश अध्यक्ष रीना बोरासी सेंतिया दोपहर 12:00 बजे नीमच पहुंचेंगी, जहाँ महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा उनका स्वागत किया जाएगा। इस प्रवास का मुख्य उद्देश्य 'संगठन सृजन' अभियान के माध्यम से महिला कांग्रेस को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत और सक्रिय बनाना है।
अपने प्रवास के दौरान प्रदेश अध्यक्ष बोरासी जिले की सभी कांग्रेस महिला जनप्रतिनिधियों, जिला पंचायत सदस्यों, नगर पालिका व परिषद की महिला पार्षदों और वरिष्ठ महिला नेत्रियों के साथ एक विशेष बैठक करेंगी। इस मुलाकात के दौरान वे संगठन की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करेंगी और महिलाओं की राजनीति में भागीदारी बढ़ाने पर जोर देंगी। आशा सांभर ने बताया कि इस दौरे का एक बड़ा केंद्र बिंदु जिला महिला कांग्रेस के रिक्त पद को भरना है। प्रदेश अध्यक्ष नए जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष के नाम को लेकर सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की नब्ज टटोलेंगी और उनकी राय जानकर योग्य व सक्रिय चेहरे को जिम्मेदारी सौंपने पर विचार-विमर्श करेंगी।
इस बैठक में आगामी चुनावों की तैयारी और संगठन की भावी कार्ययोजना पर भी विस्तार से चर्चा की जाएगी। आशा सांभर के अनुसार, रीना बोरासी का यह दौरा जिले में महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नया जोश भरने का काम करेगा। बैठक में उन जुझारू महिला कार्यकर्ताओं को आगे लाने की रणनीति बनाई जाएगी जो लंबे समय से पार्टी के लिए समर्पित भाव से कार्य कर रही हैं। इस आयोजन को लेकर नीमच जिले की महिला कांग्रेस और पार्टी के अन्य वर्गों में भारी उत्साह देखा जा रहा है और तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।