नीमच। गौ सम्मान आह्वान अभियान के अंतर्गत सोमवार को गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने की मांग को लेकर नीमच में सर्व समाज के विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं व्यावसायिक संगठनों के सहयोग से विशाल जनजागरण रैली निकाली गई। अभियान के समर्थन में शहर के अनेक प्रतिष्ठान एवं व्यवसाय दोपहर 12 बजे तक बंद रहे और नागरिकों ने स्वेच्छा से अपना समर्थन दिया।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रातः 10 बजे सनातन धर्मावलंबी, गो-रक्षक एवं विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता लाइंस पार्क पर एकत्रित हुए। यहां से विशाल रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई कलेक्ट्रेट पहुंची, जहां जिलाधीश के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
रैली में बड़ी संख्या में महिलाओं, युवाओं, वरिष्ठ नागरिकों एवं विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और व्यावसायिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। पूरे कार्यक्रम के दौरान गौ माता के सम्मान एवं राष्ट्रमाता का दर्जा दिए जाने की मांग को लेकर जयघोष लगाए गए।
इस रैली में सकल ब्राह्मण समाज, अग्रवाल समाज, स्वर्णकार समाज, जैन समाज, सेन समाज, गुर्जर समाज सहित विभिन्न समाजों के पदाधिकारी व सदस्यगण, इस्कॉन मंदिर के सदस्यों की टोली, वरिष्ठ समाजसेवी एवं भाजपा नेता संतोष चोपड़ा सहित बड़ी संख्या में सर्व समाजजन गौ सम्मान आह्वाहन अभियान रैली में शामिल हुए।
आयोजनकर्ताओं ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सर्व समाज, व्यापारियों एवं जिले के नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि गौ संरक्षण एवं गौ सम्मान के लिए जनजागरण का यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।