Banner
खबरे एवं विज्ञापन के लिए सम्पर्क करे मदन बैरागी, Mob +91 8720014588
]]>
खबरे एवं विज्ञापन के लिए सम्पर्क करे मदन बैरागी, Mob +91 8720014588

खुले मौत के टैंक ने निगल ली 6 साल की मासूम जिंदगी, अरिहंत विहार कॉलोनी में दर्दनाक हादसा,


परिजनों ने कॉलोनी प्रबंधन पर लगाए लापरवाही के आरोप

(एम पी ग्रामीण न्यूज़)

मनासा ।।
कृषि उपज मंडी समिति क्षेत्र स्थित अरिहंत विहार कॉलोनी में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में खुले पानी के टैंक में डूबने से 6 वर्षीय मासूम साहिल वाखला की मौत हो गई। घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। परिजनों ने कॉलोनी प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है।
मृतक के पिता सुनील वाखला, निवासी जोगणिया माता टंकी, वार्ड क्रमांक 13, ने बताया कि वे आदिवासी समाज से हैं और मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। उनके चार बच्चों में साहिल दूसरे नंबर का था। इसी वर्ष उसका प्रवेश शासकीय प्राथमिक विद्यालय, मनासा की पहली कक्षा में कराया गया था।

ढक्कन होता तो मेरा बेटा बच जाता -

परिजनों के अनुसार उनकी बस्ती कॉलोनी के बाहर है और बच्चे अक्सर खेलते-खेलते कॉलोनी में चले जाते हैं। उनका आरोप है कि कॉलोनी में बना पानी का टैंक बिना ढक्कन और बिना सुरक्षा व्यवस्था के खुला छोड़ा गया था। मृतक के पिता का कहना है, बच्चों को हर समय रोकना संभव नहीं है। कॉलोनी मालिक को टैंक पर ढक्कन लगाना चाहिए था। अगर ऐसा होता तो आज मेरा बेटा जिंदा होता। मेरे बेटे की मौत कॉलोनी मालिक की लापरवाही से हुई है। जानकारी के अनुसार घटना शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे हुई। सूचना मिलते ही मनासा पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की सहायता से मासूम के शव को टैंक से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए शासकीय चिकित्सालय भेजा गया।

पहले भी विवादों में रही कॉलोनी -

उल्लेखनीय है कि अरिहंत विहार कॉलोनी के संबंध में पहले भी शासकीय भूमि एवं शासकीय रास्ते को बंद किए जाने की शिकायतें सामने आ चुकी हैं, जिनकी जांच जारी है। अब इस हादसे के बाद कॉलोनी की सुरक्षा व्यवस्था और जिम्मेदार लोगों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं।

मृतक बालक के पिता एवं परिजनों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। 

मामले में मर्ग कायम कर जांच प्रारंभ कर दी गई है। जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
नीलेश अवस्थी 
थाना प्रभारी मनासा